अनिल कुमार,किन्नौर: जिला किन्नौर में एफएम स्टेशन जो अभी सही तरीके से नहीं चल रहा है उसे जल्द ही ठीक किया जाएगा। इसके साथ ही जिला किन्नौर के रिकोंगपिओ आकाशवाणी केंद्र में स्टाफ़ की कमी को पूरा करने के साथ अकाशवाणी केंद्र में किन्नौरी गीत, संगीत, यहां की परंपरा को जिंदा रखने के लिए रिकोंगपिओ आकाशवाणी केंद्र से जल्द ही कार्यक्रम करवाने की योजना बनाई जा रही है ताकि जिला के साथ देश-विदेश तक जिला की संस्कृति का लोगों को पता चल सके। यह बात बुधवार को मुरंग गांव के दौरे पर आए भारत सरकार के प्रसार भारती के मेंबर फाइनेंस व मेंबर पर्सनल धर्मपाल सिंह नेगी ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान कही।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और धर्म पाल सिंह नेगी ने भी उनके स्वागत करने पर लोगों का आभार प्रकट किया। धर्मपाल सिंह नेगी ने आज मुरंग गांव के विभिन्न क्षेत्रों के गतिविधियों के निरक्षण करने के साथ-साथ वहां की सभी समस्याओं को भी अधिकारियों के माध्यम से सुना, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि किन्नौर जिला चीन सीमांत क्षेत्र है। जहां पर एफएम स्टेशन सही तरीके से नहीं चल रहा है जिसे जल्द ही ठीक किया जाएगा। नेगी ने कहा कि देश की सबसे बड़े रेडियो आकाशवाणी (FM) व डीडी टीवी न्यूज़, कार्यक्रम चैनल आज प्रसार भारती के तहत काम करती है।
ऐसे में जनजातीय क्षेत्रों की संस्कृति को संभालने व पुराने इतिहास से लोगों को रूबरू करवाने के लिए भी प्रसार भारती काम कर रहा है जिसमें भारत सरकार लगातार काम कर रही है और ख़ासकर जिला किन्नौर चीन सीमांत होने की वजह से यहां पर एफएम (आकाशवाणी) केंद्रों से लोगों तक जानकारियां समय पर पहुंचाई जा सकती है,जिसके लिए प्रसार भारती ने किन्नौर के तीनों खंडों में एफएम टावर जल्द इनस्टॉल करने के लिए भी प्रस्ताव पास किया है। उन्होंने कहा कि चीन सीमांत सभी क्षेत्रों में सभी लोगों को फ्री डिश सेवा भी जल्द दी जाएगी ताकि जिला के लोगों को रेडियों, व टीवी दोनों पर हर जानकारियां मिल सके।
