मंडी : धर्मवीर – मंडी लोकसभा सीट से सांसद व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का एक बार फिर विवादित बयान सामने आया है। इस बार विवादित बयान किसी नेता व पार्टी को लेकर नहीं बल्कि जोगिंदर नगर के लोगों को लेकर दिया गया है। इसमें बड़ी बात यह है कि यह बयान जोगिंदर नगर की जनता के बीच में ही प्रतिभा सिंह ने दिया है।
प्रतिभा सिंह ने खुले मंच से कहा कि प्रदेश में ऐसी चर्चा सुनने को मिलती है कि विधानसभा चुनावों के दौरान जोगिंद्रनगर के लोग बिक गए थे। प्रतिभा सिंह का यह बयान सुनते ही मंच पर बैठे कांग्रेस के पूर्व विधायक सुरेंद्र ठाकुर को प्रतिभा सिंह का भाषण बीच में रूकवाकर सफाई देनी पड़ गई कि खुद प्रतिभा सिंह को यहां के लोगों ने भारी वोट दिए हैं। फिर प्रतिभा सिंह मुस्कुराकर मामले को टालती हुई नजर आई। यह पूरा वाक्या आज जोगिंद्रनगर के चौंतड़ा में आयोजित जनसभा के दौरान घटा। प्रतिभा सिंह आज यहां के दौरे पर थी। प्रतिभा सिंह ने जोगिंद्रनगर के लोगों ने ऐसे व्यक्ति को चुना है जो पैसे को खैरात की तरह बांटता है। ऐसे व्यक्ति को जीताकर लोगों ने अच्छा नहीं किया और यही कारण है कि आज प्रदेश में लोग इस बात को लेकर चर्चा करते हैं कि जोगिंद्रनगर के लोग बिक गए। हालांकि प्रतिभा सिंह को इस बात का अहसास हो गया कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती कर दी है और वो अपने भाषण में माफी मांगने की तरफ बढ़ ही रही थी कि उनकी बात फिर कहीं और जाकर घूम गई और वो माफी मांगते-मांगते रह गई। बीच में पूर्व विधायक और प्रत्याशी रहे सुरेंद्र ठाकुर को मंच पर आकर उनके भाषण में हस्तक्षेप करते हुए यह कहना पड़ा कि लोकसभा चुनावों में उन्हें भी यहां की जनता से भारी मत दिए हैं। फिर प्रतिभा सिंह ने बचाव करते हुए कहा कि उतनी यह बात जनता को नहीं लगी जितनी सुरेंद्र पाल को लगी है।
बता दें कि सुरेंद्र पाल ठाकुर यहां से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। उन्हें इस बार फिर से टिकट दिया गया था। इन्हें भाजपा के प्रकाश राणा ने शिकस्त दी थी। प्रकाश राणा का विदेशों में कारोबार है और उनके पास काफी संपत्ति भी है। यही कारण है कि कांग्रेस को लगता है कि जोगिंद्रनगर में धनबल के दम पर चुनाव जीता गया है।
