विकास शर्मा चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा का आज सुबह निधन हो गया है। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। वीरवार सुबह उन्होंने अम्ब स्थित निवास पर ही अंतिम सांस ली। धूमल सरकार में खेल व एक्साइज मंत्री रहे प्रवीण शर्मा के निधन की खबर आते ही राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। दोपहर 2 बजे उनका अम्ब स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रवीण शर्मा भाजपा के कद्दावर नेता थे। इन्हें प्रो. प्रेम कुमार धूमल का हनुमान भी कहा जाता था। वह 1998 से लेकर 2003 तक धूमल सरकार में खेल व एक्साइज मंत्री रहे थे। प्रवीण शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री धूमल के बहुत खास व करीबी थे। वह अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रभारी भी रहे। धूमल के पुत्र अनुराग की जीत में भी उनका काफी योगदान रहता था।
इसके बाद प्रदेश भाजपा में कई संगठनात्मक पद संभालने के बाद वे 2007 से 2012 तक प्रदेश हिमुडा के उपाध्यक्ष रहे। वहीं जयराम ठाकुर की मौजूदा सरकार में भी प्रवीण शर्मा हिमुडा के उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। उनके निधन पर पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष पाल सिंह सत्ती विधायक चिंतपूर्णी बलवीर सिंह चौधरी विधायक गगरेट राजेश ठाकुर, उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. रामकमार, जिला भाजपा के अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष जयदेव खट्टा, चिंतपूर्णी भाजपा मडंल अध्यक्ष ठाकुर कुलदीप सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
