Shimla, 11 October-:प्रदेश सरकार के “नशा मुक्त हिमाचल – सुरक्षित भविष्य” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश भर में एंटी–चिट्टा रैली अभियान को चरणबद्ध रूप में संचालित किया जा रहा है। राज्य, जिला एवं उपमंडल स्तर पर सफल आयोजन के पश्चात अब इस अभियान को विकास खण्डों तक विस्तार दिया जा रहा है, ताकि समाज के सभी वर्गों में चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सशक्त जनजागरूकता स्थापित की जा सके।इसी क्रम में आज रामपुर में विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली आगामी एंटी–चिट्टा रैली की तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर बुशहर श्री हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने बताया कि रैली को अधिक प्रभावी तथा जन–अभियान के रूप में परिवर्तित करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अवगत करवाया कि रामपुर विकास खण्ड में रैली 22 दिसम्बर तथा ननखरी विकास खण्ड में 23 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी।उन्होंने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य छात्रों, युवाओं, महिला मंडलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित करके नशा–विरोधी जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। रैली में स्थानीय विधायक की उपस्थिति भी प्रस्तावित की गई है, जिससे अभियान को और अधिक जन–समर्थन मिल सके।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने अधिकारियों को रैली मार्ग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।उन्होंने शिक्षण संस्थानों, महिला एवं युवा मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापार मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों से रैली में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी।रैली के दौरान नशा–मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी तथा पोस्टर–बैनर प्रदर्शन, जागरूकता संदेशों का प्रसारण और युवाओं द्वारा नशा–विरोधी नारों का उच्चारण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध सशक्त संदेश पहुचाया जाएगा।
