Nurpur, Sanjeev-:हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, जोन नूरपुर की मासिक बैठक प्रदेश मुख्य सलाहकार बलराम पुरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया, प्रेस सचिव श्याम सिंह और रणजोत सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत हाल ही में लंबी बीमारी के बाद दिवंगत हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों अजीत कुमार (वर्किंग क्लर्क) और ओम प्रकाश (इंस्पेक्टर, भाली) को श्रद्धांजलि देकर की गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया।बैठक में वक्ताओं ने वर्षों से लंबित भत्तों, मेडिकल बिलों, एरियर और पेंशन देयों के निपटारे न होने पर गंभीर नाराज़गी जताई। सदस्यों ने कहा कि 12 दिसंबर गुजर जाने के बाद भी नवंबर माह की पेंशन जारी नहीं हुई, जबकि मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंचों से सभी भुगतानों के पूरा होने के दावे करते रहे हैं। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में ठगे जाने की भावना पैदा हो रही है।
प्रदेश मुख्य सलाहकार बलराम पुरी ने कहा कि सेवानिवृत्त परिवहन कर्मचारियों की मौजूदा दिक्कतों के लिए सरकार और निगम प्रबंधन सीधे तौर पर ज़िम्मेदार हैं। उन्होंने कहा—हम अपने हक़ के लिए लगातार आवाज़ उठा रहे हैं, मगर आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। न तो लंबित देयों का भुगतान हुआ और न ही पेंशन व्यवस्था को स्थायी समाधान मिला। हाल ही में किए गए हमारे आंदोलन का भी कोई असर नहीं हुआ।”उन्होंने मंडी में सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर हुए कार्यक्रम में परिवहन मंत्री द्वारा किए गए भुगतान संबंधी दावों को असत्य और मात्र राजनीतिक बयान करार दिया।अंत में मंच ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और निगम प्रबंधन से अपील की कि सभी बकाया देयों और पेंशन समस्या के स्थायी समाधान हेतु तुरंत कारगर कदम उठाए जाएं। साथ ही चेताया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं मिला, तो सेवानिवृत्त कर्मचारी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।
