सुजानपुर,6 जनवरी:सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा 15 जनवरी को सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में मनाए जाने वाले सेना दिवस को लेकर तैयारियां पूरे जोरों शोरों से चली हुई है.इस विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों में इस समारोह को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
सुजानपुर के चौगान में 15 जनवरी को होगा भव्य आयोजन
ट्रस्ट के संस्थापक और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट पिछले कई सालों से लगातार सेना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करता है और इसी कड़ी में इस बार भी 15 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे ऐतिहासिक चौगान में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ सेना दिवस आयोजित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि आज भी सवा सौ से अधिक पूर्व सैनिकों ने कैप्टन ज्योति प्रकाश के नेतृत्व में मार्च पास्ट की रिहर्सल की।राजेंद्र राणा ने कहा कि 15 जनवरी का दिन भारतीय सैन्य इतिहास और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।इस दिन को हम भारतीय सेना दिवस के रूप में मनाते हैं और उन वीर जवानों को नमन करते हैं, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश,जिसे देवभूमि और वीरभूमि दोनों के रूप में जाना जाता है,अपने बहादुर सपूतों के लिए सदा गर्वित रहा है।
पूर्व सैनिक लीग के सहयोग से विशेष समारोह का आयोजन
राजेंद्र राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट हर वर्ष सेना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व सैनिक लीग के सहयोग से विशेष समारोह का आयोजन करती है।इस समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक,सेवारत सैनिकों के परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होते हैं।राजेंद्र राणा ने कहा,सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट संस्था को इस बात का गौरव हासिल है कि उसने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवारत सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिजनों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया है।यह आयोजन अपने आप में देश के इतिहास में अद्वितीय है।उन्होंने बताया कि हिमाचल के वीरों की कुर्बानियों को समर्पित यह आयोजन न केवल उनकी वीरता का उत्सव होगा,बल्कि भावी पीढ़ी को भी प्रेरणा प्रदान करेगा।राजेंद्र राणा ने कहा की तरह-तरह के बैंड और देशभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम इस समारोह का आकर्षक रहेंगे।
