अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के बाद अब 8 दिसंबर को वोटों की गिनती की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी परिणाम घोषित होगा। ऐसे में किन्नौर प्रशासन ने भी मतगणना की तैयारियों को लेकर कमर कस ली हैऔर रिटर्निंग अधिकारी शशांक गुप्ता लगातार चुनाव परिणाम के विषय को लेकर अधिकारियों से भी चर्चाएं कर रहे है ताकि विधानसभा चुनावों के परिणाम के दिन के लिए पूरी तैयारी कर सके।
जिला रिटर्निंग अधिकारी शशांक गुप्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि किन्नौर जिला विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपट गए है और अब आगामी 8 दिसंबर को विधानसभा चुनावों के परिणाम के लिए तैयारियां शुरू की जा रही है। रिकोंगपिओ के बचत भवन जहां स्ट्रांग रूम बनाया गया है। उस जगह पर 8 दिसंबर को 10 टेबल इवीएम मशीन, 2 टेबल पोस्टल बैलेट पेपर व 1 टेबल निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र (ई.डी.सी) के लिए रखा जाएगा, यानि कुल 13 टेबल होंगे जिसमें विधानसभा चुनावों के परिणाम खोले जाएंगे।
इस दौरान विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मंडल भी मौके पर मौजूद रहेंगे और चुनावों की गिनती शुरू की जाएगी। किन्नौर विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद लोग चुनाव परिणाम के इंतज़ार कर रहे है, हालांकि अब सब प्रतियाशियों का भाग्य ईवीएम मशीनों मे कैद है। 8 दिसंबर को ही प्रतियाशियों की भाग्य का पता चलेगा। जिला में इन दिनों चुनावी माहौल मौसम दोनों ही ठंडे है और 8 दिसंबर को ही चुनाव परिणाम के बाद जिला मे दोबारा माहौल गर्म होगा।
