Chintpurni, Vikas -आगामी शारदीय नवरात्रे मेले (22 सितंबर से 1 अक्टूबर) के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को चिंतपूर्णी बाबा श्री माईदास सदन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अंब ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी व मंदिर ट्रस्टी मौजूद रहे।
चार सेक्टरों में बंटेगा मेला क्षेत्र
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, ताकि प्रशासनिक कार्य सुचारू ढंग से हो सकें। एसडीएम अंब को मेले का मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डीएसपी पुलिस मेला अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नारियल प्रसाद पर विशेष प्रबंध
मंदिर में नारियल प्रसाद को लेकर भी नई व्यवस्था लागू होगी। श्रद्धालुओं से लिया गया नारियल मंदिर परिसर में प्रवेश से पूर्व वापस कर दिया जाएगा। इसे मंदिर सेवादार वापसी द्वार पर वितरित करेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को संतोषजनक अनुभव मिल सके।
स्वास्थ्य, सफाई व अन्य सेवाएं
मंदिर न्यास की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। न्यास की एम्बुलेंस किसी भी आपात स्थिति में सीधे चिंतपूर्णी अस्पताल तक उपलब्ध रहेगी। पानी व बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल को सौंपा गया है।
सुरक्षा और अनुशासन पर जोर
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन का दावा है कि पुख्ता इंतजामों से इस बार का शारदीय नवरात्र मेला और अधिक सुव्यवस्थित व सफल रहेगा।
