शिमला | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 मई को शिमला पहुंचने वाली हैं। वह 6 मई को शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) में होने वाले एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद, 7 मई को राष्ट्रपति आईआईटी मंडी का दौरा करेंगी और 8 मई को अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण करेंगी। अटल टनल का दौरा पूरा करने के बाद, वे शिमला लौटकर 9 मई को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के इस दौरे की तैयारियों को लेकर 26 अप्रैल को प्रदेश सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में राष्ट्रपति सचिवालय, गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग भी राष्ट्रपति के दौरे के लिए अंतिम तैयारियां कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले ही चर्चा की जा चुकी है। राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर कल्याणी हैलीपैड पर उतरेगा, लेकिन अनाडेल और जुब्बड़हट्टी में भी वैकल्पिक लैंडिंग स्थल तैयार किए गए हैं। राष्ट्रपति अपने शिमला प्रवास के दौरान मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में ठहरेंगी। यह दौरा राष्ट्रपति की शिमला यात्रा के दौरान आयोजित कई कार्यक्रमों का हिस्सा होगा, जिनमें राजभवन का दौरा भी शामिल है।
