सोलन-: भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने हिमाचल प्रदेश में सीमेंट की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा मंडल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश चूना पत्थर जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, इसके बावजूद प्रदेशवासियों को महंगे सीमेंट की मार झेलनी पड़ रही है। भाजपा ने दावा किया कि एक महीने में सीमेंट की कीमतों में ₹25 प्रति बैग तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता के निर्माण खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
भाजपा सोलन शहरी मंडल ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वह विपक्ष के नेता थे, तब महंगाई के मुद्दों पर मुखर रहते थे। अब सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी पर उनकी चुप्पी समझ से परे है। भाजपा ने पूछा कि प्रदेशवासियों को राहत दिलाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है और क्या सीमेंट कंपनियों से बढ़ती कीमतों को लेकर जवाब मांगा जाएगा?मंडल ने कहा कि सीमेंट उत्पादन से जुड़े क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पर्यावरणीय प्रभावों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग का लाभ उन्हें भी मिले और निर्माण सामग्री उचित कीमतों पर उपलब्ध हो।भाजपा सोलन शहरी मंडल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सीमेंट की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही, आम जनता को राहत देने और निर्माण लागत को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

