अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्राइवेट बस ऑपरेटरों को परमिट के अनुसार सभी दिन बस सेवा देनी होगी। अगर कोई इसकी अवहेलना करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियम अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह निर्देश जिला हमीरपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सभी निजी बस ऑपरेटरों को दिए हैं।
बता दें कि जिला हमीरपुर में रविवार के दिन प्राइवेट बस ऑपरेटरों की ओर से रूट पर बसें ना चलाए जाने की शिकायतों को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने शुक्रवार को बस ऑपरेटरों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में जिला हमीरपुर के सभी उपमंडल के प्राइवेट बस ऑपरेटर शामिल रहे। बैठक के दौरान बस ऑपरेटरों को आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई । इस दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा ने प्राइवेट बस ऑपरेटरों को परमिट के अनुसार सभी दिन बस सेवा देने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा ने बताया कि बैठक में रविवार को प्राइवेट बस ऑपरेटरों को परमिट के आधार पर सुचारू बस सेवा चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर वह सरकार के नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ चालान करने के अलावा परमिट तक रद्द किया जा सकता हैं।
