नाहन : देवेंद्र कुमार – ऐतिहासिक शहर नाहन में सफाई व्यवस्था को अब और मजबूत किया जाएगा। नगर परिषद की आमसभा आयोजित हुई, जिसमें शहर में सफाई व्यवस्था मजबूत बनाने को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई ।
15 नए सफाई कर्मचारी किए जाएंगे नियुक्त
मीडिया से बात करते हुए नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार तोमर ने बताया कि इस बैठक में नगर परिषद ने शहर में डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन के लिए 15 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है ,ताकि सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जा सके। वही उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद का करीब एक करोड़ हाउस टैक्स मौजूदा समय में पेंडिंग है । जिसको वसूलने के लिए 10% छूट के साथ 31 मार्च तक का समय भी दिया गया है।
25 किरायदारों के 50 लाख रुपए पेंडिंग
कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि शहर के करीब 25 किरायेदारों के पास 50 लाख रुपए किराया लंबे समय से पेंडिंग है। जिनके खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है क्योंकि इनके द्वारा लंबे समय से किराए की अदायगी नहीं की जा रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि शहर में पानी के कनेक्शन देते समय आईपीएच विभाग द्वारा नगर परिषद की जिन सड़कों को क्षति ग्रस्त किया जाता है, उसे आईपीएच महकमे को ही दुरुस्त करना होगा और इस बाबत लिखित निर्देश IPH महकमे को जाएंगे।
