बीबीएन : जगत सिंह-स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने बद्दी स्थित आई.ई.सी विश्वविद्यालय के 5वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से सम्मानित किया ।स्वास्थ्य मंत्री ने गत वर्ष में उत्तीर्ण सभी पी.एच.डी, एम.फिल, स्नातकोत्तर और स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधान और पहाड़ी टोपी पहनकर डिग्री हासिल की।स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर बीबीएन के उद्योगपतियों के साथ आईईसी यूनिवर्सिटी के सभागार में एक बैठक कर विभिन्न विषयों पर सारगर्भित विचार-विमर्श किया। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शिक्षा अच्छे दिनों का गहना है और मुश्किल समय की आश्रय शक्ति है। शिक्षा युवाओं को परिपक्व बनाकर उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि आज के युवा कल के उत्तरदायी नागरिक हैं और हम सभी को यह सुनिश्चित बनाना चाहिए कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों की जानकारी भी मिले। डाॅ. शांडिल ने सभी डिग्री धारकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है। विद्यालय स्तर पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने जा रही है। इसके लिए स्थान भी चिन्हित कर लिए गए हैं।
