शिमला/चन्द्रिका: अम्बेडकर चौक चौड़ा मैदान में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित आदर्श बुक कैफे का शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि बुक कैफे में स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए जगह का भी प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटि मिशन के तहत नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार के बुक कैफे निर्मित किए जा रहे है ताकि लोगों को पठन पाठन के लिए उचित स्थान की उपलब्धतता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि आदर्श बुक कैफे है जो प्रधान मंत्री द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सश्क्तिकरण के लिए अनेक योजनाऐं आरम्भ की है जो महिलाओं को स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा कि शहरी आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए आदर्श आत्मनिर्भरता के लिए कारगर पहल है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपनी आर्थिकी को सुदृढ किया जा सकेगा।
लीगल स्टडीज शिक्षण संस्थान के छात्रों के साथ की बातचीत
सुरेश भारद्वाज ने चौडा मैदान एवोलॉज के लीगल स्टडीज शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर जीवन में किताबों के महत्व व पढ़ने की आदत को विकसित करने के प्रति रूझान पैदा करने के सम्बन्ध में भी विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत और किताबों के साथ दोस्ती जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्यक्ति को ज्ञान से सराबोर रखती है। यद्यपि सोशन मीडिया व अन्य प्रचलित माध्यमों ने पढ़ने व किताबों के साथ लगाव को कम किया है किन्तु यदि हम चाहे तो पुस्तकालयों व अन्य पढ़ने की जगहों पर जाकर अपनी इन जिज्ञासाओं को पूर्ण कर सकते है।
