Dharamshala, 4 December-:धर्मशाला में आयोजित भाजपा रैली में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के कार्यकाल को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार अपने तीन वर्षों में कोई नई योजना शुरू नहीं कर पाई और पूर्व सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं को बंद कर दिया, जिसके कारण जनता में व्यापक असंतोष है।
जयराम ठाकुर का कहना था कि हिमकेयर, शगुन-कन्यादान, गृहिणी सुविधा, स्वावलंबन और सहारा जैसी योजनाओं के बंद होने से आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता नई सुविधाए नहीं मांग रही है, बल्कि पुरानी योजनाए बंद न करने की ही अपील कर रही है।उन्होंने धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण में देरी पर भी प्रश्न उठाए और आरोप लगाया कि जमीन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद राज्य सरकार ने 30 करोड़ रुपये जमा नहीं किए। उन्होंने पालमपुर विश्वविद्यालय की भूमि के हस्तांतरण पर भी सरकार से जवाब मांगा।रैली में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लोग सरकार के प्रति असंतोष व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने हाल के छात्र और दिव्यांग प्रदर्शन के दौरान हुई कथित कठोर कार्रवाई का भी उल्लेख किया।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में शुल्क और करों में वृद्धि से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है, जबकि सरकार कर्ज लेती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास पर खर्च होने वाली राशि का उपयोग सरकारी आयोजनों पर किया जा रहा है।सनातन धर्म को लेकर की गई टिप्पणियों पर जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान विवाद का कारण बने हैं, और इस मुद्दे पर भी जनता में नाराज़गी देखी जा रही है।
