सोलन -:सोलन जिला में जमीन से जुड़े एक विवाद ने प्रशासनिक तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हाल ही में एक शिकायत के बाद एक प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहल ढूंडो क्षेत्र में करीब 12 बीघा जमीन के सौदे को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायत में कहा गया है कि जमीन की रजिस्ट्री बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर की गई, जबकि वास्तविक कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।दस्तावेजों में कम राशि दिखाने और सीमित बैंक लेनदेन के चलते मामले में बेनामी संपत्ति और नकद लेनदेन की आशंका जताई गई है। साथ ही संबंधित अधिकारी पर पद के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं।शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि अधिकारी के परिवार से जुड़े वित्तीय लेनदेन इस सौदे से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। इसके अलावा धारा 118 से संबंधित मामलों में भी कथित अनियमितताओं का जिक्र किया गया है।शिकायतकर्ता एडवोकेट संजीव कुमार बिड़ला ने आरोप लगाया है कि कुछ मामलों में चयनात्मक निर्णय लिए गए, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने विजिलेंस जांच, बैंक खातों की फॉरेंसिक जांच और सभी संदिग्ध जमीन सौदों की गहन समीक्षा की मांग की है।
