बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला परिषद अध्यक्ष बिलासपुर पद के लिए प्रशासन की ओर से रखी बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के चलते चुनाव लटक गया है। प्रशासन की ओर से उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक, जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन इस बैठक में एक भी जिला परिषद सदस्य ने भाग नहीं लिया। वहीं, अब प्रशासन की ओर से इस चुनाव के लिए 25 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है।
एक ओर जहां इस बैठक में कोरम पूरा करने के लिए 10 जिला परिषद सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य थी। वहीं, अगली बैठक में यह संख्या आठ ही होगी। लेकिन अब जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि बैठक का समय साढ़े 10 बजे का निर्धारित किया गया था। वहीं, साढ़े 12 बजे तक दो घंटे तक विभाग की ओर से जिला परिषद सदस्यों का इंतजार किया गया। लेकिन किसी भी सदस्य ने बैठक में आना उचित नहीं समझा। वहीं, अब अगली बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव होगा।
