अरविंदर सिंह,हमीरपुर: राहुल गांधी लोकसभा स्पीकर पर सीधे आरोप लगा रहे हैं जो कि गलत हैं। कांग्रेस के गिने-चुने सांसद ही हैं,लेकिन राहुल गांधी को सदन में बोलने का बहुत अधिक समय दिया जाता है। यह बात गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर जिला में आयोजित दिशा बैठक में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कही।
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार करते हुए कहा जिसमें राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष पर कांग्रेसी सांसदों को सदन में बोलने का समय ना देने और माइक बंद करने की बात कही थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा स्पीकर पर सीधे आरोप लगा रहे हैं जो कि गलत हैं।
वहीं दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार की ओर से जारी विकासात्मक योजनाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी हासिल की। इस दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा हर 3 महीने बाद दिशा की मीटिंग का आयोजन किया जाता हैं,जिसमें अधिकारियों के साथ विकासात्मक योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की जाती है कि विकासात्मक योजनाओं का प्रारूप क्या है। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि अधिकारियों ने हमीरपुर में बेहतरीन काम किया हैं और विकासात्मक योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए अच्छा प्रयास किया हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा जो विकासात्मक योजनाएं लंबित पड़ी है उन्हें जल्द पूरा करने के लिए भी अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द इन कामों को पूरा किया जाए ताकि जनता को लाभ मिल सके। वहीं अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र हमीरपुर में टीबी मुक्त अभियान चलाया गया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का काम जून माह तक पूरा हो जाएगा और जिससे लोगों को स्वास्थ्य की सुविधाएं मिलेंगी।
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर लगे आरोपों के सवाल पर नहीं दिया जवाब
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से जब पत्रकारों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के बारे में सवाल करना चाहा तो अनुराग ठाकुर इस पर मीडिया से कन्नी काटते हुए नजर आए और उन्होंने किसी तरह का कोई न जवाब इस मामले को लेकर नहीं दिया।
