Shimla, 31 July-हिमाचल प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेशभर में मानसून सक्रिय बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार आगामी 6 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है।हालांकि 1 से 3 अगस्त के बीच कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन इस दौरान भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
प्रदेश में 25 जून से मानसून की शुरुआत के बाद से ही लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण मंडी जिले में हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
आज 31 जुलाई को भी प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं चंबा, कांगड़ा और मंडी के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।1 से 3 अगस्त तक बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन शिमला, सिरमौर और कुल्लू जैसे कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है।4 अगस्त से एक बार फिर मानसून के तेज़ होने की संभावना है। 4 से 6 अगस्त तक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर में भारी बारिश हो सकती है।हालांकि लाहौल स्पीति और किन्नौर जैसे ऊंचाई वाले जिलों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है।जुलाई महीने में सोलन और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।शिमला में जुलाई माह में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
