Shimla, 6 July-हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल फटने, भूस्खलन और सड़कों के टूटने की घटनाओं से लोग परेशान हैं। परिवहन व्यवस्था चरमराने लगी है और कई क्षेत्रों में जन-धन का नुकसान हुआ है।इस बीच प्रदेश सरकार की आपदा प्रबंधन पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। भाजपा के सिरमौर जिला प्रवक्ता मेला राम शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्राकृतिक आपदा के समय भी सक्रियता नहीं दिखा पा रही है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश में आसमान से बारिश कहर बनकर टूट रही है और धरती पर सरकार की निष्क्रियता आम लोगों को परेशान कर रही है।”
जिला प्रवक्ता मेला राम शर्मा ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा राहत के लिए भेजी गई राशि का सही उपयोग नहीं किया गया है और न ही उसका कोई पारदर्शी हिसाब केंद्र को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश के मंडी क्षेत्र में राहत सामग्री लगातार भेजी जा रही है, जबकि राज्य सरकार केवल हवाई सर्वेक्षण और प्रचार तक सीमित है।भाजपा प्रवक्ता ने सरकार पर चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा न करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और बागवानों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
