भावना,शिमला: बीजेपी ने एक बार फिर डॉ. राजीव बिंदल को हिमाचल बीजेपी की कमान सौंप दी हैं बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इनकी नियुक्ति को लेकर नियुक्ति पत्र जारी किया हैं। इसके अलावा हिमाचल बीजेपी के संगठन मंत्री पवन राणा को बदलकर दिल्ली का संगठन मंत्री बनाया गया हैं। वहीं, हिमाचल बीजेपी के संगठन मंत्री की जिम्मेवारी सिद्धार्थन को सौंपी गई हैं। हिमाचल के भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कश्यप के इस्तीफे को लेकर 2 दिनों से चर्चाओं का माहौल गर्म । वहीं रविवार को भाजपा आलाकमान की ओर से इन अटकलों के बीच डॉ. राजीव बिंदल को अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।
बता दें कि हिमाचल बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव बिंदल का जन्म 12 जनवरी 1955 को हुआ था। डॉ. राजीव बिंदल धूमल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद उन्हें हिमाचल विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया था। करीब दो साल तक विधानसभा का अध्यक्ष रहने के बाद उन्हें हिमाचल बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया। वे जनवरी 2019 से लेकर अप्रैल 2020 तक हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में कोरोना काल के समय कथित पीपीई किट घोटाले के चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
डॉ. राजीव बिंदल ने अपने इस्तीफे में लिखा था कि वह अपना इस्तीफा नैतिक आधार पर सौंप रहे हैं, हालांकि बाद में उन पर आरोप भी सिद्ध नहीं हो सके थे। कथित पीपीई किट घोटाले में उनके एक नजदीकी व्यक्ति का नाम सामने आया था। इसके बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था।
