Mandi, 30 April (TSN): हिमाचल प्रदेश राजपूत महासभा ने राज्य सरकार से सामान्य वर्ग आयोग के शीघ्र गठन की मांग की है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में महासभा के अध्यक्ष के.एस. जम्वाल ने बताया कि हाल ही में उन्होंने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उन्हें नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है। इसमें सबसे प्रमुख मांग सामान्य वर्ग आयोग के गठन को लेकर है, जिसकी प्रक्रिया पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में प्रारंभ हुई थी, लेकिन वर्तमान में यह ठप पड़ी है।
सामान्य वर्ग आयोग के गठन की मांग प्रमुख
महासभा का कहना है कि मुख्यमंत्री ने आयोग के गठन को लेकर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अतिरिक्त, संगठन ने सामान्य वर्ग के छात्रों को भी प्राथमिक से कक्षा 8वीं तक वर्दी हेतु समान वित्तीय सहायता दिए जाने की मांग रखी है।
अन्य मांगें भी रखीं:
राजपूत महासभा ने एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम में संशोधन की मांग करते हुए कहा कि इसके कुछ प्रावधान “एकतरफा” हैं और इन्हें निष्पक्ष बनाया जाना चाहिए। महासभा का कहना है कि वे किसी जाति विशेष के विरोध में नहीं हैं, लेकिन सभी वर्गों के साथ न्याय होना चाहिए।
इसके अलावा महासभा ने अंतर्जातीय विवाह पर दी जा रही प्रोत्साहन राशि को अनुचित बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग भी की। अध्यक्ष के.एस. जम्वाल का कहना था कि विवाह व्यक्तिगत विषय है और सरकार को इसमें आर्थिक प्रोत्साहन देकर हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
