शिमला:चन्द्रिका ( TSN)-हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के वाटर सेस मामले पर दिए गए फैसले पर बागी विधायक सुधीर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट का वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराने वाला फैसला एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली कदम है। इस फैसले ने न केवल वाटर सेस के खिलाफ विवादों को समाप्त किया है, बल्कि यह स्थानीय विद्युत परियोजनाओं के हित में भी एक महत्वपूर्ण निर्णय है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि वाटर सेस कमीशन को भी निरस्त किया गया है जो की सरकारी ख़ज़ाने पर अतिरिक्त बोझ था। इस से पता चलता है कि परिपक्तवा की कमी में लिया गया यह निर्णय मुँह के बल गिरा है। बागी विधायक सुधीर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि ” मैं सरकार के विरोधी पक्ष के वकील अभिषेक मनु सिंघवी जी को इस फ़ैसले पर बधाई देता हूँ और सरकार के ऊपर जो 32 करोड़ की लाइबिलिटी लगी है,जिसे तुरंत जमा करवाने के आदेश हुए हैं उसके लिये सरकार को प्रबंध करने की ईश्वर शक्ति दे ऐसी कामना करता हूँ ” । सुधीर शर्मा ने कहा कि इस फैसले के माध्यम से, उच्च न्यायालय ने न केवल वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराया है,बल्कि यह सामाजिक न्याय और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभों को मजबूत करने में भी मदद की है। इस निर्णय के माध्यम से विद्युत क्षेत्र को न्याय मिला है।
