संजीव महाजन,नूरपुर: भाजपा की ओर से आज विधानसभा चुनावों के लिए 62 उम्मीदवारों की सूची तो जारी कर दी गई है,लेकिन सूची जारी होते ही भाजपा में अंदरखाते जो बगावत थी वो भी बाहर आ गई है। क़ई विधानसभा क्षेत्रों में जिन उम्मीदवारों को टिकट मिलने की चाह थी उनके टिकट कटने पर अब वो नेता बगावत पर उतर आए हैं और बतौर आज़ाद उम्मीदवार ही चुनाव लड़ने की घोषणा कर रहे है।
यही हालात ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से टिकट बदलने के बाद बन गए हैं और यहां भी बगावत के सुर तेज हो गए है। भाजपा मंडल ज्वाली के पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, ग्रामीण केंद्र अध्यक्षों सहित कार्यकर्ताओं ने निवर्तमान विधायक अर्जुन सिंह के घर में बैठक की ओर भाजपा टिकट आवंटन को अनुचित बताया ओर कार्यकर्ताओं ने अर्जुन सिंह से आजाद चुनाव लड़ने का आग्रह किया।
भाजपा नेता व ज्वाली से विधायक रहे अर्जुन सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से टिकट आवंटन में गलत निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह ऐलान किया कि वह बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे ओर गुरुवार को मनसा माता मंदिर ज्वाली में माथा टेक कर प्रचार अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
