अरविंदर सिंह, हमीरपुर : बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे बड़सर उपमंडल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में बिजली की निर्बाध आपूर्ति ओर लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए बिजली के दो नए सब स्टेशन का शिलान्यास होने जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने बताया कि 33 केवी सब स्टेशन सलौणी और 33 केवी सब स्टेशन दांदडू का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कर कमलों से होने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बिजली की समस्या से कमोबेश निजात मिल जाएगी। इन दोनों सब स्टेशन से हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सप्लाई मिल सकेगी।
बलदेव शर्मा ने कहा कि इन क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और पावर कट की समस्या रही है। लोगों ने इस समस्या को जोर-शोर से उठाया था। अब यह समस्या दूर होने जा रही है। बड़सर क्षेत्र के सलौणी में 33 केवी और दांदडू में 33 केवी के सब स्टेशन खुलने जा रहे है। इससे क्षेत्र की लोगों को राहत पहुंचेगी। सलौणी के 33 केवी सब स्टेशन के शिलान्यास से मक्कड़, पाहलू, करेर, कुलहेडा, कलौहण, ननांवा एवं कठियाणा ग्राम पंचायत ओर दांदडू के 33 केवी सब स्टेशन के शिलान्यास से टिप्पर, दांदडू, ज्योली – देवी, जौड़े अंब एवं कडसाई ग्राम पंचायत के लगभग 80 गांवों के लोगों को बिजली आपूर्ति का लाभ पहुंचेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि सलौणी में 33 केवी और दांदडू में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन खुलने जा रहा है। इन सब स्टेशन के खुलने से लगभग 12 पंचायतों के करीब 80 गांव के लोगों को लाभ होगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता को देते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा 27 सितंबर को दोपहर 3 बजे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इसका शिलान्यास करेंगे।
