शिमला/चन्द्रिका: शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने टूटीकंडी क्षेत्र के बाग गांव से सीटीओ तक के लिए इनोवा टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यहां के स्थानीय लोगों की टैक्सी के लिए बहुत पुरानी मांग को आज पूर्ण किया जा रहा है। जिससे यहां के बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे, मरीज, दिव्यांग लोगों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को शिमला शहर तक आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत 18 इनोवा टैक्सी को खरीद कर हिमाचल पथ परिवहन निगम को सौंपा गया है , जो शहर के अलग-अलग उपनगर से चलाई जा रही है ताकि शहर की जनता को आने जाने की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शहर की प्रतिबंधित सड़कों पर बिना परमिट के कोई भी निजी वाहन नहीं चल सकता है, जिससे आमजन को शिमला के विभिन्न उप नगरों से शहर तक पहुंचने में परेशानी होती थी। ऐसे लोगों को अब इनोवा टैक्सीओं की सुविधा उपलब्ध होने से सीधे रिज तथा मॉल रोड पर पहुंचने की सुविधा उपलब्ध होगी।
