Mandi, Dharamveer-भारतीय वायुसेना का हेलिकॉप्टर मंगलवार को मंडी पहुंचा और सराज विधानसभा क्षेत्र में फंसे लोगों के लिए राहत सामग्री लेकर पहली उड़ान भरी। इस उड़ान में हेलिकॉप्टर द्वारा करीब 100 राहत पैकेट — जिनमें खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान शामिल था — प्रभावित क्षेत्र में पहुंचाए गए।हालांकि, मौसम की खराबी के चलते दूसरी उड़ान संभव नहीं हो पाई और अब मौसम साफ होने का इंतजार किया जा रहा है ताकि राहत अभियान दोबारा शुरू किया जा सके।
राहत कार्यों की निगरानी के लिए एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह और एएसपी सचिन हीरेमठ मौके पर तैनात हैं। प्रशासन ने बताया कि प्रभावित इलाकों को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री भेजी जा रही है।पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार को हेलिकॉप्टर सहायता के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि सराज क्षेत्र में सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित है, इसलिए अब राहत और बचाव का काम हवाई मार्ग से ही संभव हो पा रहा है।उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों और बीमारों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बाहर निकाला जाए और इलाज की तुरंत व्यवस्था हो।जयराम ठाकुर ने बताया कि सराज में हालात बेहद गंभीर हैं और वहां के लोग अभी भी मदद का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी बात कर राहत कार्यों को तेज करने का अनुरोध किया है।
