Shimla, 21 August-हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में गुरुवार को एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित हुआ। सदन ने सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और राज्य निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न देने की अनुशंसा की है। यह प्रस्ताव नाहन से विधायक अजय सोलंकी लेकर आए थे, जिसका समर्थन सत्ता और विपक्ष दोनों दलों ने किया। अब विधानसभा की यह संकल्पना केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
नाहन से विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार सिर्फ़ हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि राज्य की नींव रखने वाले सच्चे निर्माता थे। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विज़न की बदौलत आज हिमाचल प्रदेश प्रगति की राह पर है। सोलंकी ने कहा कि पूरे प्रदेश की भावना है कि डॉ. परमार को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
