नाहन : देवेन्द्र कुमार – शिलाई विधानसभा क्षेत्र नाया पंजोड पंचायत में निर्माणाधीन सड़क कार्य में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगे है। लोगों का कहना है कि यहां सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सभी नियमों को दरकिनार किया जा रहा है । हैरानी की बात यह है कि शिकायत के बावजूद लोकनिर्माण विभाग यहां कुम्भकर्णी नींद में सोया हुआ है और सरकार का लाखों का बजट बर्बाद होता नजर आ रहा है ।
सड़क निर्माण में हो रहा घटिया सामग्री का इस्तेमाल
तस्वीरें सिलाई विधानसभा क्षेत्र के नाया पंजोड की है यहाँ कफेनु, कुकडेच – एससी बस्ती कोनला सड़क का पिछले दो सालों से निर्माण कार्य चल रहा है , मगर अभी तक 800 मीटर सड़क भी पूरी तरह नहीं हो पाई है। लोगों का आरोप है कि यहां ठेकेदार की मनमानी शुरू से ही हावी है कई ठेकेदारों ने इस सड़क पर मनमाने तरीके से निर्माण कार्य किया , मगर विभाग ने इसे हमेशा अनदेखा किया और ठेकेदारों की मनमानी चलती रही । लोगों का कहना है कि सड़क की एलाइनमेंट को ठेकेदारों ने अपनी मनमर्जी से बदल दिया और शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
करीब 70 लाख रुपए की राशि हो रही ही खर्च
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि यहां जिन डंगो का निर्माण किया जा रहा है , उसमें बेहद ही घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और डंगे कम बनने से पहले ही ढहने लगे है। लोगो ने बताया की इस बारे में डीसी सिरमौर को भी शिकायत सौपी गई थी मगर कोई कारवाई नही हो रही है । इस सड़क के बनने से करीब आधा दर्जन गांव के लोग लाभान्वित होंगे। सड़क निर्माण पर शुरुआती चरण में करीब 70 लाख की राशि खर्च हो रही है। जिसका 80% पैसा खर्च हो चुका है , ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द इस बारे में संबंधित विभाग ने सुध नहीं ली तो मजबूरन उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा । इस बारे में जल्द पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण मंत्री से भी मुलाकात करेगा।
