संजु चौधरी, शिमला: शिमला जिला में सेब सीजन शुरू होने वाला हैं। सेब सीजन के दौरान सड़के अवरुद्ध ना हो इसको लेकर ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं। कुलदीप राठौर ने कहा कि शिमला जिला में सेब सीजन शुरू हो रहा है ऐसे में सड़कें अवरुद्ध न हो इसको लेकर जिला उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सेब सीजन से पहले ही सभी सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है और वे स्वयं अपने क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। सेब सीजन के दौरान बागवानों को सेब मंडी तक पहुंचाने के लिए किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ठियोग में सड़क धंसने से लोगों को परेशानी हो रही है और बीते दिन ही लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ वे मौके पर गए थे और वहां पर अधिकारियों के साथ बैठक की थी और 1 सप्ताह के भीतर ही वैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा इस सड़क को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी रखने को कहा गया हैं।
उन्होंने कहा कि इस जगह पर पिछले डेढ़ साल से लैंडस्लाइड हो रहा है जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन अब सरकार इस को लेकर गंभीर है और जल्द ही इस सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
