ऊना, राकेश-: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में हाल ही में हुई लूट की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ऊना पुलिस ने इन घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में से दो को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी ऊना सचिन हीरामेठ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तीन नकाबपोश आरोपियों ने जिले में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना में आरोपियों ने एक शराब के ठेके को निशाना बनाया और वहां से करीब 35 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
इसके बाद आरोपियों ने बहडाला स्थित एक पेट्रोल पंप को लूटने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों पर फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि जांच में सामने आया कि फायरिंग एयर गन से की गई थी।घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की और जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल दत्त (पुत्र विजय कुमार) और सुरजीत सिंह (पुत्र बलवीर सिंह) के रूप में हुई है, जिसमें सुरजीत सिंह को इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी लूटी हुई थी, जिससे यह साफ होता है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर ली है और रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। उम्मीद है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
TAGGED:
Una police
Chandrika
