सोलन : योगेश शर्मा -हिमाचल प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य शिक्षा और सड़कों की सुविधाएं लोगों को मिले। इसके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार कार्य कर रही है । मंगलवार को सोलन पहुंचे विधानसभा क्षेत्र के विधायक और सीपीएस संजय अवस्थी ने कहा कि आने वाले बजट में स्वास्थ्य के लिए बेहतर बजट का प्रावधान प्रदेश की कांग्रेस सरकार करने वाली है और इसमें रोबोटिक सर्जरी के लिए विशेष बजट रखा जाएगा।
संजय अवस्थी ने कहा कि जिस तरह से हिमाचल प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार करने की जरूरत है ,उसको लेकर भी सुधार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी सबसे पहले आईजीएमसी, हमीरपुर और टांडा कॉलेज में शुरू की जाएगी , इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
धर्म के नाम पर राजनीति करना बीजेपी का काम
भाजपा के द्वारा कांग्रेस पर हिंदुत्व पर की गई टिप्पणी को लेकर संजय अवस्थी ने हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मो को साथ लेकर चलने में विश्वास रखने वाली पार्टी है । भाजपा का तो काम ही है धर्म के नाम पर राजनीति करना । उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश 97% हिंदू धर्म को मानने वाला प्रदेश है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को सभी हिंदुओं का साथ मिला है और कांग्रेस पार्टी ने कभी भी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं की है।
