कुल्लू :मनमिंदर अरोड़ा (TSN)- खराब मौसम के चलते समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है । मौसम विभाग के येलो अलर्ट को देखते हुए मनाली प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। रोहतांग के लिए ऑनलाइन परमिट बनाने की साइट भी बंद कर दी गई है। हालांकि, रोहतांग दर्रे को अभी आधिकारिक तौर पर बंद नहीं किया है। मौसम साफ होने पर फिर से पर्यटक यहां बर्फ का आनंद ले सकेंगे।
प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की दी हिदायत
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पूरे प्रदेश में सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दिसंबर तक मौसम खराब रहेगा और हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। गौरतलब है कि रोहतांग दर्रा हर साल 15 नवंबर को आधिकारिक तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया जाता था। इस साल मौसम साफ रहने के कारण अभी तक वाहनों की आवाजाही जारी है। खराब मौसम को देखते हुए अभी भी दर्रे में आवाजाही पर अस्थायी तौर पर रोक लगाई है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि रोहतांग के लिए पर्यटक वाहनों की आवाजाही सोमवार से बंद कर दी है। मौसम को देखते हुए बाद में यह निर्णय लिया जाएगा कि दोबारा आवाजाही शुरू करनी है या नहीं। पर्यटकों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
बता दें कि एनजीटी के आदेशों के मुताबिक 800 पेट्रोल और 400 डीजल वाहन परमिट के साथ ले जाने की रोहतांग दर्रा के लिए अनुमति है। लेकिन इस बार बहुत कम संख्या में पर्यटक रोहतांग दर्रे में पहुंचे। यदि अगले दिनों रोहतांग दर्रा पर भारी हिमपात होता है तो फिर दर्रा 2024 में मई-जून में ही पर्यटकों के लिए खुलेगा। इस बार रोहतांग दर्रा में कम पर्यटक पहुंच पाए। हालांकि अक्टूबर और नवंबर में अब तक पर्यटक वाहन रोहतांग पहुंच रहे थे। वहीं, पहली बर्फबारी के बाद पर्यटक रोहतांग जा रहे थे। लेकिन इस बार समर सीजन तो पूरी तरह बाढ़ के कारण प्रभावित हुआ है।
