Shimla, 6 November -:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया हेतु 460 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों को वितरित कर दी गई है, जबकि 1899 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि शीघ्र ही जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार राज्य के पर्यटन एवं आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे न केवल कांगड़ा जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। विस्तार के बाद क्षेत्र में उच्च श्रेणी के पर्यटक आकर्षित होंगे तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।उन्होंने राज्य में हेलीपोर्ट स्थापित करने से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि संजौली और रामपुर हेलीपोर्ट को डीजीसीए से परिचालन अनुमति प्राप्त हो चुकी है तथा शेष औपचारिकताएं पूर्ण होते ही संचालन आरंभ किया जाएगा।
सुक्खू ने मंडी जिले के कंगनीधार, कांगड़ा जिले के रक्कड़ और पालमपुर, कुल्लू जिले के सुल्तानपुर, किन्नौर के रिकांगपिओ तथा हमीरपुर के जसकोट में निर्मित किए जा रहे अन्य हेलीपोर्ट के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी परियोजनाओं को अगले वर्ष तक पूरा किया जाए ताकि बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर संचालन के नए मार्गों की पहचान कर उन्हें शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने बिलासपुर जिले के औहर पर्यटन परिसर के निर्माण कार्य को भी गति देने के निर्देश दिए। अब तक इसका 46 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।उन्होंने एशियाई विकास बैंक के सहयोग से चल रही पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इनके कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।बैठक में प्रधान सचिव पर्यटन देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, निदेशक पर्यटन विवेक भाटिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
