Shimla, Sanju -:केंद्रीय संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उत्तर क्षेत्रीय टेलीकॉम सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस कॉन्फ्रेंस में उत्तर भारत के सात राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय दूरसंचार विभाग के सचिव नीरज मित्तल ने ऑनलाइन माध्यम से शिरकत की। इस मौके पर टेलीकॉम, पुलिस, जांच एजेंसियों, रेलवे, बैंकिंग सेक्टर और विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साइबर सुरक्षा और टेलीकॉम फ्रॉड से निपटने के उपायों पर चर्चा की।कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि डायरेक्टर जनरल सुनीता चंद्रा ने कहा कि विभाग समय-समय पर ऐसे आयोजनों के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि दूरसंचार विभाग न केवल साइबर अपराधों की रोकथाम पर काम कर रहा है, बल्कि साइबर अपराधियों को पकड़ने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में भी निरंतर कदम उठा रहा है।सुनीता चंद्रा ने यह भी बताया कि उत्तर क्षेत्र के विभिन्न राज्यों में चोरी हुए मोबाइल फोन रिकवर करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को विभाग द्वारा सम्मानित किया गया है।
सुनीता चंद्रा, DG टेलीकॉम, DoT, संचार मंत्रालय, भारत सरकार
टेलीकॉम सुरक्षा कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य साइबर अपराधों और धोखाधड़ी से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को मजबूत करना और आम जनता में जागरूकता फैलाना है। विभाग इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
