Hamirpur, Arvind :-बरसाती मौसम में हमीरपुर वन्य प्राणी विभाग ने वन विभाग के सहयोग से करीब 80 जानवरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इसमें सबसे अधिक ध्यान सांप प्रजातियों पर रहा, जहां लगभग 60 सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। इनमें कोबरा, रसेल वाइपर और पाइथन जैसी खतरनाक प्रजातियाँ शामिल हैं।
डीएफओ वाइल्ड लाइफ हमीरपुर, रिगिनोल्ड रायस्टन ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने इन सांपों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा। इसके अलावा, गुस्साए बैल और अन्य जंगली जानवरों का भी सफल रेस्क्यू किया गया। कई बार गुस्साए बैल रिहायशी इलाकों में आकर लोगों के लिए खतरा बन जाते थे। सूचना मिलने पर ट्रेंक्यूलाइजर गन का उपयोग कर बैलों को बेहोश कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।कुछ घायल जानवर भी विभाग के पास आए, जिन्हें पकड़कर गोपालपुर चिड़ियाघर भेजा गया। वहाँ उनका इलाज किया जा रहा है और स्वस्थ होने पर इन्हें फिर से जंगल में छोड़ा जाएगा। रिगिनोल्ड रायस्टन ने बताया कि विभाग के पास आधुनिक ट्रेंक्यूलाइजर गन है, जिसका उपयोग अनुभवी कर्मचारी ही करते हैं। उन्होंने कहा कि बीते तीन महीनों में विभाग ने लगभग 80 जानवरों का रेस्क्यू किया है, जिसमें अधिकांश सांप और कुछ अन्य जंगली प्रजातियाँ शामिल हैं।
