अरविंदर सिंह,हमीरपुर: युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए और ग्रामीण क्षेत्रों में युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांसद खेल महाकुंभ प्रतियोगिता के दूसरे चरण का शुभारंभ शनिवार को हमीरपुर में किया गया। इस खेल महाकुंभ के तहत एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं हमीरपुर के सिंथेटिक ट्रेक पर शुरू की गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ हॉकी के प्रसिद्ध कोच व द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता राकेश पठानिया ने किया।
दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हमीरपुर जिला के सभी ब्लॉक खंडों के 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर 14,17,19 वर्गों में लड़के व लड़कियों की 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर ओर 800 मीटर की दौड़ का आयोजन किया जा रहा हैं प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ी आगामी दिनों में होने वाली संसदीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में अंडर 17 वर्ग में 100 मीटर दौड़ के विजेता कृशव राजगुरु ने कहा कि सांसद खेल महाकुंभ के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलता हैं और इनामी प्रतियोगिता होने के चलते उन्हें इसका लाभ भी मिलता हैं उन्होंने कहा कि यहां पर विजेता खिलाड़ी अब भारत सरकार की ओर से शुरू किए गए खेलो इंडिया जैसी प्रतियोगिताओं में भी भाग ले सकेंगे।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया हैं, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी,कुश्ती सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाता हैं ।
संसद खेल महाकुंभ 2 के आयोजन समिति के प्रधान अनिल परमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में सांसद खेल महाकुंभ का आयोजन जिला स्तर पर किया जा रहा हैं।
विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी यह इनाम राशि
इस प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को 5100रुपए, 3100 रुपए ओर 2100 रुपए की इनामी राशि भी दी जाती हैं। इनाम के साथ ही विजेता खिलाड़ी आगामी दिनों में होने वाले संसदीय क्षेत्र प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
