देहरा, गुलशन धनोहा -: संत निरंकारी मिशन की देहरा शाखा द्वारा सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद से रविवार को एक भव्य महिला समागम का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में देहरा संयोजक स्तर की शाखाओं गुलेर, भटोली, खैरियां, बड्डल, प्रागपुर, नंदपुर भटोली और देहरा से बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों ने भाग लिया।समागम का उद्देश्य महिलाओं में आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना और समाज में प्रेम, सेवा तथा भाईचारे के मूल्यों को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने ‘मानव को मानव से प्यार’ के मिशन संदेश को आत्मसात करते हुए एकता और सद्भाव का परिचय दिया।
देहरा शाखा के संयोजक संजीव कुमार ने बताया कि इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आध्यात्मिक रूप से जागृत नारी परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।समागम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने प्रवचनों, भजनों और गीतों के माध्यम से संतों के जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि निराकार परमात्मा की पहचान और उसकी अनुभूति से ही जीवन में स्थिरता, शांति और सच्चा आनंद प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में देहरा शाखा के संयोजक एवं प्रचारक ने सभी श्रद्धालुओं, सेवा दल के सदस्यों तथा दूर-दराज से पहुंचे संतों का आभार व्यक्त किया। समागम का समापन ‘धन निरंकार जी’ के जयघोष और विश्व शांति, प्रेम तथा सद्भावना की प्रार्थना के साथ हुआ।
