ऊना, राकेश -: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना सदर से विधायक सतपाल सत्ती ने ऊना में हाल ही में हुई फायरिंग और पेट्रोल पंप लूट के प्रयास की घटना के बाद राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। ऊना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
सत्ती ने कहा कि ऊना जिला इस गिरती व्यवस्था का सबसे बड़ा उदाहरण बन चुका है, जहां अपहरण, फिरौती और गैंगवार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना था कि इन हालातों के कारण व्यापारियों में भय का माहौल है और व्यवसाय करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने त्युड़ी में हथियारों के बल पर हुई लूट और बहडाला में देर रात पेट्रोल पंप पर फायरिंग की घटनाओं का हवाला देते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि ऊना पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित हो गई है, जबकि गंभीर अपराधों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। सत्ती ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजक तत्वों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।इसके अलावा, उन्होंने आबकारी विभाग पर भी निशाना साधते हुए मेलों के नाम पर दुकानदारों से अवैध वसूली के आरोप लगाए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे फील्ड में उतरकर काम करें ताकि जनता को भयमुक्त वातावरण मिल सके।सत्ती ने यह भी कहा कि उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री को साफ छवि वाले अधिकारियों की नियुक्ति का सुझाव दिया था, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने ऊना के कांग्रेस विधायकों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे जनता की समस्याओं पर मौन साधे हुए हैं।
