हमीरपुर -:भोरंज विकास खंड की 44 ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में सहायक निर्वाचन अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिकारियों को चुनाव संबंधी नियमों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) भोरंज शशिपाल शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और इन्हें सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता और ईमानदारी के साथ पालना सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे मतदान प्रक्रिया की सभी तकनीकी और प्रशासनिक बारीकियों को भली-भांति समझें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विवादरहित ढंग से पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं, मतपेटियों के संचालन, मतदाता पहचान, गोपनीय मतदान तथा मतदान सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम ने जानकारी दी कि विकास खंड भोरंज की 44 पंचायतों के लिए वर्तमान में 91 मतदान दल गठित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न पंचायत पदों के लिए बैलेट पेपर लिखने का कार्य बुधवार से शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को इस कार्य के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि बैलेट पेपर में किसी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए, क्योंकि छोटी सी त्रुटि भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
Chandrika
