चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुल्तानपुर हेलीपैड के पास भारी भूस्खलन के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा रावी नदी में धंस गया। घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एहतियातन दोनों ओर से मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया, जिससे हाईवे पर बड़ा गड्ढा बन गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह जमींदोज होकर नदी की ओर खिसक गया। इससे पहले कुछ दोपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर यहां से गुजर रहे थे, जिसे देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सड़क को बंद करने का निर्णय लिया।
एनएच प्राधिकरण ने मौके का निरीक्षण कर अस्थायी रूप से सड़क को भारी मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जब तक यहां सुरक्षा दीवार और स्थायी मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वर्तमान में वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। अब सभी वाहन चंबा कॉलेज–खजियार चौक मार्ग से गुजर रहे हैं। हालांकि यह मार्ग संकरा होने के कारण यहां यातायात दबाव बढ़ गया है और जाम की स्थिति भी बन रही है। पुलिस की ओर से खजियार चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कर्मियों की तैनाती की गई है।
एनएच चंबा के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि भूस्खलन और भौगोलिक चुनौतियों के कारण मरम्मत कार्य में समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल हाईवे को बंद रखा गया है और स्थायी समाधान के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा।
