संजु ,शिमला। राजधानी शिमला स्थित ऐतिहासिक कमला नेहरू अस्पताल (KNH) की गायनी ओपीडी को आईजीएमसी (IGMC) में शिफ्ट करने के सरकार के फैसले के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA) ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अस्पताल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुई महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही AIDWA की महासचिव फल्मा चौहान ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस 102 वर्ष पुरानी धरोहर को हटाकर भूमि पर नए निर्माण की योजना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अस्पताल को खाली कराने के लिए दबाव बना रही है और पहले एक महीने तथा फिर 16 तारीख तक ओपीडी शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, जो पूरी तरह जनविरोधी हैं।
फल्मा चौहान ने कहा कि KNH प्रदेश का एकमात्र मदर एंड चाइल्ड अस्पताल है, जहां जच्चा-बच्चा को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि IGMC में पहले से ही मरीजों का भारी दबाव है और जिस स्थान पर ओपीडी शिफ्ट की जा रही है, वह भी पर्याप्त रूप से उपयुक्त नहीं है।
महिला समिति ने सरकार को सुझाव दिया कि अस्पताल को बंद या शिफ्ट करने के बजाय इसी भवन में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, जैसे रोबोटिक सर्जरी और अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएं, ताकि इसे और सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अस्पताल केवल एक चिकित्सा संस्थान नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानी कमला नेहरू की स्मृति और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा।
AIDWA ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा प्रदेशभर में महिलाओं को लामबंद कर उग्र विरोध किया जाएगा।
