शिमला, संजू-:संविधान निर्माता बी आर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुरने शिमला के चौड़ा मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने अंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और समानता का प्रतीक बताया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का भारत की स्वतंत्रता के बाद संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि संविधान का निर्माण एक बेहद जटिल और ऐतिहासिक प्रक्रिया थी, जिसे अंबेडकर ने अपनी दूरदर्शिता, विद्वता और समर्पण के बल पर सफलतापूर्वक पूरा किया।उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन में अनेक सामाजिक भेदभावों का सामना किया, लेकिन इन चुनौतियों को उन्होंने अपनी ताकत बनाया और समाज में समानता, न्याय और समरसता स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य किया।इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अंबेडकर के इतने बड़े योगदान के बावजूद उन्हें लंबे समय तक भारत रत्न से वंचित रखा गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 में V. P. Singh की सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि देश डॉ. अंबेडकर के योगदान को कभी नहीं भूल सकता और उनके विचार सदैव समाज को दिशा देते रहेंगे।
Chandrika
