ऊना (राकेश): ऊना में गोबिंद सागर झील में हुए हादसे के बाद प्रशासन की नींद टूटी है। अब झील के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल वहां तैनात किया गया है। इतना ही नहीं पर्यटकों को झील के पास जाने और नहाने से रोका जा सके। बता दें कि बाबा गरीब नाथ मंदिर के पास जहां पंजाब से 7 युवकों की डूबने से मौत हो गई थी वहीं सबसे ज्यादा पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने वहां गोबिंद सागर झील के पानी के करीब जाने पर पाबंदी लगा दी है।
यह पाबंदी लगने के बाद अब पुलिस के जवान बाहर से आने वाले पर्यटकों से भी झील के पानी के करीब ना जाने की अपील कर रहे हैं। पुलिस मंदिर में लगे लाउड स्पीकर के माध्यम से भी बाहर से आने वाले पर्यटकों को जागरूक कर रही है। बार-बार एनाउंसमेंट की जा रही है जिसमें लोगों को पानी के करीब ना जाने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने भी बाहर से आने वाले पर्यटकों और आम जनता से अपील की है कि बरसात के कारण लगातार गोबिंद सागर झील का जलस्तर बढ़ रहा है। पुलिस से सहयोग से झील के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गईं है।
