राहुल चावला, धर्मशाला: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 17 व 19 मई को खेले जाने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाकचौबंद रखा गया हैं। यहां सुरक्षा का जिम्मा 1200 पुलिस जवान संभालेंगे। शहर को मैच के मद्देनजर 4 सेक्टरों में बांटा गया है, जिसमें पहला सेक्टर स्टेडियम परिसर, दूसरा ट्रैफिक और पार्किंग, तीसरा स्टेकहोल्डर्स के ठहरने वाला स्थल और चौथा सेक्टर खिलाडिय़ों की ठहरने वाला स्थल होगा।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि धर्मशाला स्टेडियम सहित खिलाडिय़ों के ठहरने वाले स्थल से लेकर स्टेडियम को आने वाले रूट पर 4 ड्रोनों के माध्यम से निगरानी होगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता हैं। खिलाडिय़ों के ठहराव स्थल और खिलाडिय़ों के प्रेक्टिस व मैच के लिए आने के दौरान प्रवेश द्वारों पर क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेगी। खिलाडिय़ों के प्रेक्टिस और मैच के लिए आने-जाने के दौरान कंड से दाड़ी-स्टेडियम रोड़ पर जहां आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं इस अवधि के दौरान धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग भी प्रतिबंधित रहेगी।
शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मैच के दौरान किसी भी दर्शक को स्टेडियम के अंदर आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। इसी के साथ गलत स्लोगन वाली टी शर्ट आदि चीजों को भी स्टेडियम में नहीं ले जाने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैच शुरू होने से ठीक पहले करीब 4 बजे दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग तय समय में स्टेडियम में प्रवेश करें और किसी भी तरह की अफवाह में ना आए और किसी भी तरह की भगदड़ न मचाएं
