कुल्लू-:जिला कुल्लू मुख्यालय ढालपुर स्थित देव सदन में 27 सितंबर को वाल्मीकि धर्म समाज की ओर से विशाल सत्संग का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से वाल्मीकि धर्म समाज से जुड़े प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। सत्संग में पंजाब से धर्मगुरुओं के पहुंचने की भी जानकारी दी गई है।ढालपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के प्रदेश प्रवक्ता लकी तेजी ने बताया कि सत्संग को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पंजाब से पहुंचने वाले धर्मगुरु श्रद्धालुओं को सत्संग के माध्यम से धार्मिक एवं सामाजिक संदेश देंगे। आयोजन में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली से एक शोभायात्रा पंजाब के लिए रवाना होगी। यह शोभायात्रा 18 अक्टूबर को वाल्मीकि तीर्थ पहुंचेगी। शोभायात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। इसके लिए संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।वहीं, वाल्मीकि धर्म समाज हिमाचल प्रदेश महिला विंग की अध्यक्ष अनीता घई ने बताया कि 27 सितंबर को होने वाले सत्संग के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह में वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शोभायात्रा में भी बड़ी संख्या में समाज के लोग भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।

