सोलन : योगेश शर्मा – बुधवार को सोलन शहर के बाईपास में सोलन की एहसास एनजीओ द्वारा एक ट्रक को पकड़ा गया, इस ट्रक में अमानवीय ढंग से भेड़ बकरियों को भरकर राजस्थान से रोहड़ू ले जाया जा रहा था । हैरानी वाली बात यह है कि इस ट्रक में करीबन 200 भेड़ बकरियां भरी हुई थी ।यह बकरियां इतनी ज्यादा थी कि वह ट्रक में हिलडुल भी नहीं पा रही थी, जिसको लेकर एहसास एनजीओ द्वारा पुलिस को शिकायत की गई । जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वहीं दूसरी और नगर निगम के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया । इन कर्मचारियों ने गर्मी में तड़पती हुई बेजुबान भेड़ बकरियों को पानी पिलाने का काम किया ।एहसास एनजीओ की अध्यक्ष श्वेता ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि राजस्थान से रोहड़ू बकरियों को अमानवीय ढंग से ट्रांसपोर्ट किया जा रहा था, जिसको लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत की है । पुलिस ने अपनी जांच आरंभ कर दी है ।वह चाहते हैं कि इनके खिलाफ में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में कोई भी ट्रक चालक इस तरह मानवीय ढंग से बेजुबान जानवरों पर अत्याचार ना कर सके। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि अगर इन बेजुबान जानवरों को ले जाना है तो वह उसकी उचित व्यवस्था करें और जितना नियमानुसार बकरियों को ले जाया जा सकता है, उतनी ही संख्या में उन्हें ले जाया जाए । उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान से लेकर सोलन तक बकरियों को खाना भी नहीं खिलाया गया और ना ही तपती गर्मी में उन्हें पानी दिया जा रहा है, जो बेहद गलत है। फिलहाल पुलिस ने अपनी जांच इस मामले में शुरू कर दी है।
