संजु चौधरी, शिमला: शिमला नगर निगम चुनाव के लिए समय अब बहुत कम रह गया है ऐसे में चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार भी चुनावी प्रचार में जुड़ चुके हैं वही इन चुनावों के दौरान सभी वार्डों में रहने वाले लोगों की कुछ स्थानीय समस्या भी हैं जिन्हें दूर करने की आस अब वार्ड के लोगों को चुनकर आने वाले पार्षद से हैं। वहीं अगर बात नगर निगम शिमला के शांति विहार वार्ड की की जाए तो इस वार्ड में सामुदायिक केंद्र,पार्क, पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता के पास नहीं हैं।
नगर निगम की जमीन न होने की वजह से लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सिमेट्री के लिए जो सड़क बनी है उस पर लोक निर्माण विभाग के भवन का छज्जा आड़े आ रहा हैं। पहले सड़क दुकानों से 2 से तीन फीट नीची थी लेकिन बार बार टायरिंग होने की वजह से सड़क इतनी ऊंची हो गई है कि 108 एंबुलेंस भी इस सड़क पर नहीं चल पाती हैं। सिर्फ छोटी गाडियां ही चल पाती है। सड़क तंग और खस्ताहाल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड में कई नशे के अड्डे बन गए है और कब्रिस्तान क्षेत्र में नशेड़ियों की टोलियां घूमती रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से विकास उनके वार्ड में होना चाहिए था वह नहीं हुआ हैं। लोगों का कहना है कि वार्ड में पार्किंग, डिस्पेंसरी,बच्चों के लिए पार्क की समस्या हैं। वार्ड में नशे की रोकथाम के लिए भी एक गुमटी बनाई जाए ताकि युवा नशे की चपेट में आने से बच सकें।
शांति विहार वार्ड से भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि वार्ड में बहुत सी समस्या हैं। वार्ड में बंदर, कुत्ते,नालियों में साफ सफाई और ड्रैनेज जैसे तमाम मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस के पार्षद 20 सालों में नहीं कर पाए वह भाजपा ने ढाई वर्षों में कर दिया हैं। वहीं उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत बहुत कार्य उनके वार्ड में हुआ हैं।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि उनकी सबसे पहली प्राथमिकता नशे को रोकने के लिए रहेगी। वार्ड में जिस तरह से नशा बढ़ रहा है उसकी रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि वार्ड में पार्किंग की बहुत बड़ी समस्या हैं। सड़क के दोनों किनारे वाहन खड़े रहते है जिससे यातायात सुचारू रूप से नहीं चल पाता हैं। वहीं उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी एक बहुत बड़ा प्राजेक्ट है लेकिन धरातल में लोगों के पैसों की बर्बादी हो रही हैं। सारे शहर में डंगें और लोहे का ढांचा तैयार कर दिया गया हैं।
