शिमला-: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला शिमला की ओर से युवा उत्सव गतिविधियों के तहत रविवार को जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे चौड़ा मैदान से शुरू हुई इस मैराथन में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 40 छात्र और 40 छात्राएं शामिल रहीं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके बचाव और रोकथाम से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मैराथन का शुभारंभ चौड़ा मैदान से हुआ। प्रतिभागियों ने चौड़ा मैदान से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, समरहिल तक दौड़ लगाई और वापस चौड़ा मैदान पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
छात्र वर्ग में विजेता
प्रथम: जतिन, राजीव गांधी सरकारी डिग्री कॉलेज, कोटशेरा, शिमला
द्वितीय: देव, राजीव गांधी सरकारी डिग्री कॉलेज, कोटशेरा, शिमला
तृतीय: राम कृष्ण, राजीव गांधी सरकारी डिग्री कॉलेज, कोटशेरा, शिमला
छात्रा वर्ग में विजेता
प्रथम: अनामिका, राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला
द्वितीय: बिपाशा, राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला
तृतीय: कुसुम, राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला
विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिमला, डॉ. तहसीन भी उपस्थित रहे।

