मंडी, धर्मवीर-:तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से सुंदरनगर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 10 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर की निगरानी की और नेटवर्क पर सक्रिय होते ही उन्हें ट्रेस कर लिया।एसपी विनोद कुमार ने बताया कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन में जब दोबारा सिम कार्ड डालकर इस्तेमाल किया गया तो नेटवर्क पर उनकी गतिविधि सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच को आगे बढ़ाते हुए संबंधित मोबाइल फोन की लोकेशन और उपयोग से जुड़ी जानकारी के आधार पर उन्हें ट्रेस किया।
थाना सुंदरनगर में मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतें दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी कमलकांत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम में सब इंस्पेक्टर अश्वनी ठाकुर, कांस्टेबल कश्मीर सिंह और नोडल अधिकारी कांस्टेबल संजू शामिल रहे। पुलिस टीम ने संबंधित मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर CEIR पोर्टल पर दर्ज कर उनकी निगरानी की।पुलिस के अनुसार प्रत्येक मोबाइल फोन का एक विशिष्ट आईएमईआई नंबर होता है। मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में CEIR प्रणाली के माध्यम से शिकायत दर्ज कर डिवाइस को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके बाद यदि कोई व्यक्ति उसमें दूसरी सिम डालकर मोबाइल का इस्तेमाल करता है तो नेटवर्क पर डिवाइस के सक्रिय होने की जानकारी मिलने पर पुलिस उसे ट्रेस कर सकती है।इसी तकनीकी प्रक्रिया के जरिए सुंदरनगर पुलिस ने अलग-अलग मामलों से जुड़े 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने शनिवार को इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी।

